Fri, Apr 26, 2024

तो क्या 'भारत जोड़ो यात्रा' के पक्ष में आ गई है राष्ट्रीय लोकदल?

By  Mohd. Zuber Khan -- January 3rd 2023 04:10 PM
तो क्या 'भारत जोड़ो यात्रा' के पक्ष में आ गई है राष्ट्रीय लोकदल?

तो क्या 'भारत जोड़ो यात्रा' के पक्ष में आ गई है राष्ट्रीय लोकदल? (Photo Credit: File)

ग़ाज़ियाबद/लखनऊ: आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी ने कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का समर्थन करते हुए इस अभियान को लोगों को एक सूत्र में जोड़ने वाला क़रार दिया है। रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने यात्रा के समर्थन में ट्वीट कर कहा, 'तप कर ही धरती से बनी ईंटें छू लेती हैं आकाश! भारत जोड़ो यात्रा के तपस्वियों को सलाम! देश के संस्कार के साथ जुड़ कर उत्तर प्रदेश में भी चल रहा ये अभियान सार्थक हो और एक सूत्र में लोगों को जोड़ते रहें!'

गौरतलब है कि इससे पहले ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में जयंत चौधरी ने शामिल होने से मना कर दिया था। हालांकि कांग्रेस पार्टी की तरफ़ से उन्हें यात्रा में शामिल होने के लिए न्योता दिया गया था, लेकिन जयंत ने यात्रा में आने से मना करते हुए कहा था कि उनके कुछ दूसरे राजनीतिक कार्यक्रम हैं, ऐसे में राहुल के साथ नहीं चल सकते। 

दरअसल 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ उत्तरप्रदेश में प्रवेश कर गई है। कुल-मिलाकर केंद्र की सत्ता तक पहुंचने के लिए उत्तर प्रदेश में कांग्रेस नए सिरे से रणनीति तैयार कर रही है। ख़ासकर 1990 से पहले वाला अपना खोया वोट बैंक फिर से जुटाने के लिए कांग्रेस आलाकमान हर मुमकिन मश्क्कत कर रहा है। 

कांग्रेस पार्टी के मुताबिक़ सांसद राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में यूपी में शामिल होने के लिए सभी विपक्षी पार्टियों के अध्यक्षों को न्योता दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी, बसपा अध्यक्ष मायावती को बाक़ायदा इस पद यात्रा में शामिल होने के लिए न्योता भेजा है। शायद यही वजह है कि आरएलडी प्रमुख ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के प्रति अपना समर्थन ज़ाहिर किया है। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ियाबाद, बागपत और शामली ज़िलों से होकर हरियाणा में प्रवेश करेगी।

-PTC NEWS

  • Share

ताजा खबरें

वीडियो