Thursday 5th of June 2025

बिहार से दिल्ली की यात्रा बनी काल, आग ने छीनी पांच जिंदगियां

Reported by: Mangala Tiwari  |  Edited by: Mangala Tiwari  |  May 15th 2025 10:20 AM  |  Updated: May 15th 2025 10:20 AM

बिहार से दिल्ली की यात्रा बनी काल, आग ने छीनी पांच जिंदगियां

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बाहरी रिंग रोड, किसान पथ, पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के कटे भीट गांव के पास एक डबल डेकर बस में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस बस में सवार कई यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। जानकारी के अनुसार, बस (UP17AT6372) बेगूसराय, बिहार से दिल्ली जा रही थी और उसमें करीब 60 यात्री सवार थे।

पुलिस के अनुसार, बस ने बुधवार दोपहर 12:30 बजे बिहार से दिल्ली के लिए प्रस्थान किया था। रास्ते में गोरखपुर में रात 12 बजे कुछ और सवारियां चढ़ी थीं। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे किसान पथ पर बस में आग लग गई। बस में लगे पर्दों के कारण आग तेजी से फैली, जिससे यात्री फंस गए। आग की लपटों को देखकर कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन पांच लोग आग की चपेट में आ गए।

मृतकों की पहचान:

मृतकों में लख्खी देवी (55 वर्ष), सोनी (26 वर्ष), देवराज (3 वर्ष), साक्षी कुमारी (2 वर्ष) शामिल हैं। एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बचाव और राहत कार्य:

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियां और मोहनलालगंज व पीजीआई पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Latest News

PTC NETWORK
© 2025 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network