Thursday 26th of February 2026

पूर्व तेज़ गेंदबाज़ मुनाफ़ पटेल के बैंक खाते सीज, नोएडा प्रशासन ने वसूले 52 लाख रुपये

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Mohd. Zuber Khan  |  December 16th 2022 12:06 PM  |  Updated: December 16th 2022 12:06 PM

पूर्व तेज़ गेंदबाज़ मुनाफ़ पटेल के बैंक खाते सीज, नोएडा प्रशासन ने वसूले 52 लाख रुपये

गौतमबुद्धनगर/लखनऊ: उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) द्वारा जारी वसूली प्रमाणपत्र (आरसी) के आधार पर गौतम बुद्ध नगर ज़िला प्रशासन ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मुनाफ़ पटेल के दो बैंक खातों को सीज कर 52 लाख रुपये की वसूली की है। जानकारी के मुताबिक़ मुनाफ़ पटेल बिल्डर कंपनी ‘निवास प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड’ में निदेशक हैं। यूपी रेरा ने मुनाफ़ पटेल की कंपनी द्वारा निवेशकों की रकम नहीं लौटाने के आरोप में इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।

गौतमबुद्धनगर ज़िलाधिकारी के बकौल, "ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-10 में ‘निवास प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड’ के तहत ‘वनलीफ ट्रॉय’ नामक एक परियोजना पर काम हो रहा है जिसके ख़रीददारों ने परियोजना समय पर पूरा नहीं होने पर यूपी रेरा में शिकायत की थी, शिकायत के आधार पर यूपी रेरा ने बिल्डर के ख़िलाफ़ आदेश जारी किया था।"

सुहास एलवाई के मुताबिक़ आदेश का पालन नहीं करने पर यूपी रेरा ने बिल्डर को आरसी जारी कर दी थी, ज़िला प्रशासन के पास बिल्डर के ख़िलाफ़ 10 करोड़ रुपये की 40 से अधिक आरसी लंबित हैं।

एलवाई ने ये भी बताया, "इस मामले में दादरी तहसील की टीम ने वसूली का प्रयास किया, लेकिन बिल्डर ने पैसे नहीं दिए, इसके बाद तहसील की टीम ने विधिक सलाह लेने के बाद कंपनी के निदेशकों से वसूली शुरू कर दी."

अधिकारी ने बताया, "क्रिकेटर मुनाफ़ पटेल कंपनी के निदेशक हैं. उनके नोएडा और गुजरात में एक्सिस बैंक की दो शाखाओं में स्थित दो खातों को सीज कर राशि की वसूली की गई है, दोनों बैंक से तकरीबन 52 लाख रुपये ज़ब्त किए गए हैं." उन्होंने बताया कि बिल्डर के ख़िलाफ़ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

हालांकि इस कार्रवाई के बाद भारत की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रहे मुनाफ़ पटेल की तरफ़ से कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई है। अब देखने वाली बात यही होगी कि पूर्व तेज़ गेंदबाज़ मुनाफ़ पटेल की तरफ़ से इस बाबत क्या बयान आता है, क्योंकि उनकी प्रतिक्रिया का हर किसी को बेसब्री से इंतज़ार है।

-PTC NEWS

Latest News

PTC NETWORK
© 2026 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network