Saturday 7th of February 2026

रामपुर डीएम की पहल से खिल उठे उदास चेहरे, महज तीन माह में बने 90 अंत्योदय व 147 आयुष्मान कार्ड

Reported by: Gyanendra Kumar Shukla, Editor, PTC News UP  |  Edited by: Dishant Kumar  |  February 07th 2026 04:10 PM  |  Updated: February 07th 2026 04:10 PM

रामपुर डीएम की पहल से खिल उठे उदास चेहरे, महज तीन माह में बने 90 अंत्योदय व 147 आयुष्मान कार्ड

लखनऊ, सरकारी योजनाओं के साथ संवेदनशील प्रशासनिक इच्छाशक्ति जुड़ जाए तो वे ज़िंदगी बचाने और जरूरतमंदों के चेहरे पर खुशहाली का जरिया बन जाती हैं। रामपुर जिला प्रशासन ने जनता दर्शन में अनूठी पहल शुरू की, जो पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल बन कर सामने आयी है। रामपुर ऐसा जिला बन गया है, जहां जनता दर्शन में न केवल आयुष्मान कार्ड बनाकर फरियादियों की गंभीर बीमारी का इलाज करवाया जा रहा, बल्कि उनकी पात्रता को चिह्नित कर अंत्योदय कार्ड बनवाकर योगी सरकार की सभी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। डीएम रामपुर अजय कुमार द्विवेदी की अनूठी पहल ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंदों के जीवन में उम्मीदों की रोशनी भर दी है, जो दर्शाता है कि प्रशासन चाहे तो बदलाव संभव है।

जनता दर्शन केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं

रामपुर में सुबह 10 से 12 बजे तक कलेक्ट्रेट परिसर में होने वाला जनता दर्शन अब केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि पीड़ितों के लिए जीवनदायिनी राहत का केंद्र बन चुका है। गंभीर बीमारियों से जूझते, गरीबी के बोझ तले दबे लोग जब सरकारी मदद की आस लेकर यहां आते हैं, तो उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल समाधान मिलता है। डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने एक अभिनव व्यवस्था लागू की है। इसके तहत जिलाधिकारी कार्यालय में जनता दर्शन में जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा पीड़ित व्यक्ति की जांच की जाती है। इसके बाद गंभीर रोग से पीड़ित व्यक्तियों के दस्तावेजों की जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा जांच की जाती है। पात्रता सुनिश्चित होने पर महज 7 दिनों के अंदर अंत्योदय कार्ड के साथ ही इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया जाता है। इतना ही नहीं, कई मामलों में यह प्रक्रिया 3-4 दिनों में ही पूरी कर दी जा रही है। जिलाधिकारी की अनूठी पहल से इलाज के अभाव में मायूस लोग आयुष्मान कार्ड हाथ में लेकर मुस्कुराने लगते हैं। किसी को कैंसर के इलाज की जरूरत थी, तो कोई किडनी या गंभीर हृदय रोग से पीड़ित था। इलाज के लिए दर-दर भटकने के बाद जब प्रशासन ने न सिर्फ आयुष्मान कार्ड बनवाया, बल्कि राशन, आवास और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया, तो पीड़ितों की आंखें नम हो उठीं।

तीन माह में 90 अंत्योदय व 147 आयुष्मान कार्ड

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि वर्ष 2011 की सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना (SECC) सूची में नाम न होने के कारण जो लोग अब तक योजनाओं से वंचित थे, ऐसे पात्र परिवारों की नियमानुसार जांच कर तत्काल अंत्योदय राशन कार्ड जारी किये जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य है कि सरकारी योजनाएं केवल आंकड़ों तक सीमित न रहें, बल्कि ज़रूरतमंद इंसान तक पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समाज के आखिरी व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के विजन को आत्मसात करते हुए जनता दर्शन में यह अनूठी पहल शुरू की गयी है। पिछले तीन महीनों में 90 पात्र लोगों के अंत्योदय और 147 आयुष्मान कार्ड बनवाए गए हैं। जनता दर्शन में जिला अस्पताल के डॉक्टरों की मौजूदगी इस पहल को और प्रभावी बनाती है। मौके पर ही स्वास्थ्य परीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाता है कि मरीज को तुरंत इलाज की सुविधा मिले। कई मामलों में उसी दिन आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराकर अस्पताल में भर्ती की प्रक्रिया शुरू करा दी जाती है। योगी सरकार की यह दूरदर्शी सोच और प्रशासनिक तत्परता आमजन के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। यही वजह है कि जनता दर्शन में आने वाले लोग अब निराश नहीं, बल्कि उम्मीद के साथ आते हैं।

योगी सरकार के विजन से हर व्यक्ति तक पहुंच रहीं सरकारी योजनाएं

रामपुर जिलाधिकारी की पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरीब-कल्याण केंद्रित शासन नीति का जीवंत उदाहरण है। योगी सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति इलाज, भोजन और सम्मानजनक जीवन से वंचित न रहे। रामपुर में डीएम अजय कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में यही संकल्प साकार होता दिख रहा है।

लाभार्थियों के कोट

“मैं गंभीर बीमारी से पीड़ित हूं और इलाज के लिए पैसे नहीं हैं। अपनी समस्या लेकर डीएम रामपुर के जनता दर्शन में आया था। उन्होंने हमारी समस्या सुनी और अंत्योदय के साथ आयुष्मान कार्ड भी बनवाया। वर्तमान में मेरा इलाज चल रहा है। सरकारी योजना का लाभ मिलने से हमारे परिवार को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संवेदनशील पहल और रामपुर जिला प्रशासन की तत्परता से हमें समय पर मदद मिली। इसके लिए हम हृदय से धन्यवाद देते हैं।”

मोहम्मद चमन, फरियादी 

“हमने कभी नहीं सोचा था कि हमें इतनी जल्दी सहायता मिलेगी। योगी सरकार की जन कल्याणकारी सोच और जिला प्रशासन रामपुर के सहयोग से आज हमारा विश्वास और मजबूत हुआ है। इसके लिए हम आभारी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हमारे लिए केवल प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि अभिभावक हैं, आज हमें इसका विश्वास हो गया।”

रेशमा परवीन, फरियादी

“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में सरकार ने गरीब और पीड़ितों के लिए जो योजनाएं चलाई हैं, उनका लाभ हमें मिला है। रामपुर जिलाधिकारी ने पूरी ईमानदारी से हमारी मदद की, इसके लिए धन्यवाद। योगी सरकार की योजना से हमें आर्थिक और मानसिक संबल मिला है। इसके लिए हम जितना भी मुख्यमंत्री और रामपुर जिला प्रशासन का धन्यवाद दें, वो कम है।”

महेंद्र सिंह, फरियादी

Latest News

PTC NETWORK
© 2026 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network