Tuesday 20th of January 2026

UP Crime News: बलिया में युवक ने पत्नी और दो बच्चों की हत्या करने के बाद किया सुसाइड, जेब में मिला सुसाइड नोट

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  December 11th 2023 02:55 PM  |  Updated: December 11th 2023 02:55 PM

UP Crime News: बलिया में युवक ने पत्नी और दो बच्चों की हत्या करने के बाद किया सुसाइड, जेब में मिला सुसाइड नोट

बलिया/लखनऊ/जय कृष्णाः यूपी के बलिया जिले में एक युवक ने अपने दो बेटों और पत्नी की हत्या कर दी। फिर खुद फंदे से लटककर  सुसाइड कर लिया। चारों के शव घर के सामने बगीचे में मिले हैं। पुलिस को जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें हत्या करके आत्महत्या की बात लिखी है। पुलिस ने चारों शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पूरी वारदात देवडीह गांव की है।

4 लोगों के मिले शव

पुलिस के मुताबिक, रविवार देर रात गांव के एक बगीचे में श्रवण राम, उसकी पत्नी शशिकला (35) और दो बेटे सूर्या (7) और मिट्ठू (4 महीने) की लाश मिली है। बगीचे के सामने ही इनका घर बना हुआ है। शशिकला, सूर्या और मिट्‌ठू के शव जमीन पर थे। धारदार हथियार से उनकी हत्या की गई। वहीं, श्रवण राम का शव पेड़ पर फंदे पर लटका मिला।

जेब में सुसाइड नोट

पुलिस ने बताया कि श्रवण की जेब में एक सुसाइड नोट मिला है। उसमें घरेलू विवाद में हत्या और आत्महत्या की बात लिखी है। शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है, कि परिवार की हत्या के बाद युवक ने जान दी। जांच में यह बात भी सामने आई कि पति-पत्नी में काफी दिनों से विवाद चल रहा था। रविवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, पुलिस ने सुसाइड नोट के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी।

महिला के भाई का फोन आया, तब वारदात का पता चला

शशिकला के मायके से पुलिस को वारदात का पता चला। हुआ यूं कि भाई अंकित शशिकला को फोन कर रहा था, लेकिन फोन पिक नहीं हो रहा था। ऐसे में उसने पुलिस को फोन किया। कहा कि उसकी बहन के साथ पति ने मारपीट की। इसके बाद से उसका फोन नहीं मिल रहा है।

पुलिस की पीआरवी टीम ने घर जाकर जांच की तो वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद पुलिस टीम लौट गई। हालांकि, फिर भाई अंकित ने पुलिस थाने में शिकायत की। फिर दोबारा देर रात पुलिस पहुंची और आसपास तलाश की। तब बगीचे में चारों शव मिले। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। शशिकला का मायका बांसडीह थाने का ढोढवा गांव है।

2015 में हुई थी शादी 

पड़ोसियों ने बताया कि श्रवण मकान की पेंटिंग का काम करता था। श्रवण की शादी 2015 में शशिकला के साथ हुई थी। हालांकि, बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया। शशिकला 3 साल से मायके में रह रही थी। श्रवण का एक भाई धीरज अपने माता-पिता और पत्नी गीता के साथ गांव में ही एक अलग मकान में रहता है।

पुलिस ने चारों के मिले शवः  SP

इस मामले को लेकर बलिया SP एस आनंद ने बताया कि शशिकला के भाई अंकित ने मारपीट की सूचना दी थी। पुलिस पहुंची तो चारों के शव मिले। पता चला कि पति-पत्नी के बीच कोर्ट में मुकदमा चल रहा था। उन्होंने कहा कि डेढ़ साल पहले सुलहनामा हुआ। इसके बाद शशिकला ससुराल आकर रहने लगी थी। सभी एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। साथ में कहा कि पुलिस ने पूछताछ के लिए आसपास के कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।

Latest News

PTC NETWORK
© 2026 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network