Sunday 4th of January 2026

UP News: गणतंत्र दिवस पर सीएम योगी ने फहराया तिरंगा, बोले- संविधान हमारा सर्वोपरि है

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  January 26th 2024 12:49 PM  |  Updated: January 26th 2024 12:49 PM

UP News: गणतंत्र दिवस पर सीएम योगी ने फहराया तिरंगा, बोले- संविधान हमारा सर्वोपरि है

ब्यूरोः गणतंत्र दिवस के मौके पर लखनऊ में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा फहराया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तिरंगे झंडे के रंग के गुब्बारों को आसमान में छोड़ा। बता दें इससे पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने झंडारोहण किया था।  

वहीं, सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि गणतंत्र दिवस स्वाधीनता सेनानियों के त्याग व बलिदान का स्मरण कराने के साथ हमें संविधान के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

सीएम ने कहा कि अमृत काल का विशिष्ट कालखंड हमें आत्मचिंतन करने तथा महान देशभक्तों के सपने व लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रतिबद्ध होने का अवसर भी प्रदान करता है।

इसके साथ सीएम योगी ने कहा कि भारत दुनिया का वह देश है, जिसने अपना संविधान लागू करने के साथ ही इस बात को भी सुनिश्चित किया था कि लिंग, जाति और धर्म का कोई भेदभाव नहीं होगा और सभी की मताधिकार करने का अधिकार दिया है। 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संविधान हमारा सर्वोपरि है। हमारा संविधान कई उपलब्धियों से भरा हुआ है और हमें अपने कर्तव्यों के प्रति आग्रही बनाता है।

इसके साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के साथ नेता प्रतिपक्ष और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी है।

Latest News

PTC NETWORK
© 2026 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network