Sunday 29th of March 2026

'मन की बात' कार्यक्रम पीएम मोदी द्वारा शुरू किया गया अद्वितीय जनसंवाद मंच- सीएम धामी

Reported by: Tripurari Mishra  |  Edited by: Atul Verma  |  March 29th 2026 04:46 PM  |  Updated: March 29th 2026 04:46 PM

'मन की बात' कार्यक्रम पीएम मोदी द्वारा शुरू किया गया अद्वितीय जनसंवाद मंच- सीएम धामी

देहरादून, 29 मार्च। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के इन्द्रानगर में  प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम  के 132वें एपिसोड को सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 'मन की बात' कार्यक्रम प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी द्वारा प्रारंभ किया गया एक अद्वितीय जनसंवाद मंच है, जो विश्व के किसी भी राष्ट्राध्यक्ष द्वारा संचालित सबसे लंबे समय तक चलने वाले प्रेरणादायी कार्यक्रमों में से एक है। यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों, विशेष रूप से दूरस्थ और कठिन परिस्थितियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान प्रदान करता है।

सीएम धामी ने की पीएम मोदी के कार्यक्रम की सराहना

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देश के कोने-कोने में काम कर रहे उन लोगों का उल्लेख किया जाता है, जो सीमित संसाधनों में भी असाधारण कार्य कर समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं। ‘मन की बात’ के माध्यम से ऐसे व्यक्तित्वों की कहानियां देशभर के नागरिकों तक पहुंचती हैं, जिससे सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होता है।

हर कार्यक्रम में उत्तराखंड का विशेष स्मरण करते हैं पीएम मोदी- सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ये भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री अपने लगभग हर कार्यक्रम में उत्तराखंड का विशेष रूप से स्मरण करते हैं। ‘मन की बात’ के कई एपिसोड में राज्य की शीतकालीन यात्रा, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया गया है।

पीएम मोदी के उल्लेख का दिखता है सकारात्मक प्रभाव- सीएम धामी

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वयं भी उत्तराखंड के विभिन्न धार्मिक-पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर चुके हैं, जिनमें आदि कैलाश और उत्तरकाशी जिले का हर्षिल-मुखवा क्षेत्र प्रमुख हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र के इन दौरों और उनके द्वारा किए गए उल्लेख का सकारात्मक प्रभाव राज्य के पर्यटन पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास जारी- सीएम धामी

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे उत्तराखंड एक ‘ऑल-सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन’ के रूप में स्थापित हो सके। इसके लिए पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, सड़क संपर्क में सुधार, आवासीय व्यवस्थाओं का विकास तथा डिजिटल सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।

Latest News

PTC NETWORK
© 2026 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network